पंजाब के 13 जिलों में आज घने कोहरे का अलर्ट:6.8°C पारा के साथ आदमपुर सबसे ठंडा, दिन का तापमान गिरने लगा

पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड के साथ अब कोहरा भी पड़ रहा है। राज्य के 13 जिलों के लिए आज (14 दिसंबर) मौसम विभाग ने घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। गत 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। 6.8 डिग्री तापमान के साथ आदमपुर सबसे ठंडा रहा है। वहीं, अब दिन का तापमान भी कम होने लगा है। फरीदकोट में दिन का तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज पूरे राज्य में मौसम ड्राई रहेगा। वहीं, हिमाचल से सटे इलाकों में आज कोहरे का अलर्ट है। इन जिलों में अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, तरन तारन, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना शामिल हैं। इस वजह से विजिबिलिटी पर भी असर पड़ेगा। ऐसे में लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। रात का तापमान बढ़ने लगा राज्य में अब न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री से लेकर 12 डिग्री के बीच रहा है। राज्य में बठिंडा की रातें सबसे गर्म रही हैं। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि आदमपुर के बाद लुधियाना में दूसरा सबसे कम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ में 8.5 डिग्री, पटियाला में 8.8 डिग्री, पठानकोट में 8.9 डिग्री और अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री रहा है। इसी तरह रूपनगर में 11 डिग्री और मोहाली में 11.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है। दिन में भी ठंड बढ़ने लगी अब दिन के तापमान कम होना शुरू हो गए हैं। यह स्थिति 20 तारीख तक रह सकती है। राज्य के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री से लेकर 2 डिग्री तक गिरा है। चंडीगढ़ का दिन का तापमान 21.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जिसमें 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह अमृतसर का अधिकतम तापमान18.4 डिग्री रहा है, इसमें 3.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। लुधियाना और पटियाला का तापमान क्रमशः 20 और 21.5 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों जगह तापमान 2.2 डिग्री गिरा है। पठानकोट में 5.9 डिग्री गिरकर अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, मोहाली में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। पॉल्यूशन बढ़ेगा, 21 के बाद बढ़ेगी ठंड मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाके में ऊपर हवा में बना हुआ है, लेकिन यह कमजोर है। वहीं, हवाओं के बहने की रफ्तार भी कम हुई है, इस वजह से पॉल्यूशन का स्तर बढ़ा हुआ है। जबकि 17 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे बादल छाएंगे। ऐसे में न्यूनतम तापमान बढ़ेगा। अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ेगा, इसके बाद राज्य में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जबकि 21 दिसंबर को जब दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ जाएगा, उसके बाद सर्दी बढ़ेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *