विशेष संवाददाता| रांची राज्यभर में सोमवार से धान की खरीदारी होगी। इसको लेकर रांची जिला प्रशासन ने भी धान खरीदारी के लिए पूरी तैयारी कर ली है। जिले में कुल 43 अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसान आकर धान दे सकते हैं। धान खरीदारी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा, ताकि हरेक गतिविधियां कैमरे में कैद रहें। जिले में कुल 3.50 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। रांची जिले में 11 राईस मिलों का चयन किया गया है, जिसे धान खरीदारी केन्द्रों से संबद्ध किया गया है। इसके लिए कुल 7755 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया गया है। नए किसानों के लिए भी रजिस्ट्रेशन का मौका है। https://uparjan.jhar khand.gov.in पर जाकर किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। धान खरीदारी केंद्रों में धान बेचने वाले किसानों को 2450 रुपए प्रति क्विंटल की दर से राशि का भुगतान किया जाएगा। धान अधिप्राप्ति केन्द्रों पर धान बेचने वाले किसानों के लिए मोबाइल ऐप से स्लॉट बुकिंग की सुविधा भी दी गई है। कांके प्रखंड में अरसंडे और उरूगुटू लैम्पस, रातू में तारूप और पाली लैम्पस, अनगड़ा में सालहन और जोन्हा, बुढ़मू में गिंजोठाकुरगांव और चकमे लैम्पस को धान अधिप्राप्ति का केंद्र बनाया गया है। इसी तरह, ईटकी में कुर्गी लैम्पस, बेड़ो में बेड़ो, हरिहरपुर जामटोली, सिल्ली में सिल्ली, रामपुर, टुटकी लैम्पस, लापुंग में मालगो और लापुंग लैम्पस, ओरमांझी में ईचादाग, ओरमांझी और पांचा लैम्पस, खलारी में तुमांग लैम्पस, मांडर में ब्राम्बे मंदरों लैम्पस का चयन किया गया है। वहीं चान्हो प्रखंड में सोंस और चोरेया लैम्पस, तमाड़ में नावाडीह, तमाड़, मल्हान भुईंयाडीह व मरधान लैम्पस, बुंडू में ताउ, कांची व बुंडू लैम्पस, राहे में राहे और बी. नावाडीह लैम्पस, सोनाहातू में हारिण, बारूहातू, जामुदाग एफपीओ व हेसाडीह लैम्पस, नामकुम प्रखंड में नामकुम, डुंगरी और नगड़ी प्रखंड में चिपरा, नारो और नगड़ी लैम्पस को अधिप्राप्ति केंद्र बनाया गया है।


