विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशीली पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान चलाने का दिया निर्देश

भास्कर न्यूज|रामगढ़ उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति(एनकॉर्ड) की बैठक हुई। इसमें,सर्वप्रथम स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी रीना कुजूर द्वारा नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में किए गए कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने व नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त द्वारा कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त ने पूरे जिले में योजनाबद्ध तरीके से दवा दुकानों आदि में सघन जांच अभियान चलाने एवं वैसी सभी दवाएं जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता हो, विशेष निगरानी रखते हुए दावों की बिक्री स्टॉक आदि से संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से ससमय जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में नारकोटिक्स के विरुद्ध किए गए सराहनीय प्रयासों के उदाहरण के माध्यम से भी सभी अधिकारियों को जागरुक करते हुए इस दिशा में कार्य करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। रामगढ़ जिला अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्रों में रात्रि के समय असामाजिक तत्वों, युवाओं आदि द्वारा नशे का प्रयोग करने पर विशेष संज्ञान लेते हुए बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने आवश्यकता अनुसार वैसे सभी सार्वजनिक स्थलों अन्य स्थलों पर निगरानी, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही उपायुक्त ने इसके लिए नियमित निगरानी, सीसीटीवी कैमरों आदि की उपलब्धता पर अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उपायुक्त ने रामगढ़ जिले को नशा मुक्त बनाने व युवाओं को नशे से बचाने को लेकर सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होने गंभीरता पूर्वक कार्य करने, रोस्टर तैयार करने व रोस्टर के आधार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशीली पदार्थों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *