डीडवाना में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर परिषद डीडवाना द्वारा यह कार्यक्रम कचोलिया तालाब के हनुमान घाट मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा और जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने तालाब परिसर के चारों ओर सफाई कर श्रमदान किया। डीडवाना प्रशासन ने किया श्रमदान, देखें फोटोज… इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों से लेकर जिला एवं पंचायत स्तर तक नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उनकी सहभागिता बढ़ाना है। नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह ने जानकारी दी कि स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम के तहत नगर परिषद क्षेत्र में वार्ड स्तर पर स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरा पृथक्करण को बढ़ावा देने, बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए व्यापक जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर की दिशा में सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया।


