करौली में सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर रणगमा तालाब पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता और जन जागरूकता का संदेश देना था। अभियान में करौली विधायक दर्शन सिंह गुर्जर, कार्यवाहक नगर परिषद आयुक्त, एसडीएम प्रेमराज मीना और जिला परिषद सीईओ शिवचरण मीणा शामिल हुए। इन अधिकारियों ने तालाब के घाटों की साफ-सफाई कर आमजन को स्वच्छता का महत्व समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जिलेभर में सड़क सुरक्षा सप्ताह और स्वच्छता अभियान जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक करना और सरकार की योजनाओं की जानकारी उन तक पहुंचाना है। उन्होंने आमजन से भी स्वच्छता अभियान को अपनी आदत बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर नगर परिषद और जिला परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


