मऊगंज के शाहपुर थाना क्षेत्र के खटखरी गांव से एक वीडियो सामने आया है। इसमें नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है। इस वीडियो में एक युवक सड़क किनारे खड़े होकर अन्य युवकों को नशीली टैबलेट बेचता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बोली-आरोपी को जल्द करेंगे गिरफ्तार दरअसल, किसी स्थानीय व्यक्ति ने छुपकर यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। जो बाद में वायरल हो गया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर रही है। खटखरी क्षेत्र में दबिश भी दी गई, लेकिन आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नशीली टैबलेट को नया विकल्प बना रहे तस्कर दरअसल, मऊगंज पुलिस की ओर से नशीली कफ सिरप के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई और उत्तर प्रदेश के बनारस, मिर्जापुर सहित अन्य क्षेत्रों में हुई सख्त कार्रवाई के कारण बाजार में नशीली सिरप की उपलब्धता कम हुई है। इसके चलते तस्कर अब नशीली टैबलेट को नया विकल्प बना रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, नशीली टैबलेट को छिपाना अपेक्षाकृत आसान होता है और इसकी कम मात्रा में भी आपूर्ति संभव है। यह विशेषता इसे तस्करों के लिए एक सुविधाजनक माध्यम बनाती जा रही है। इस बदली हुई प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। एसपी बोले-पूरे नेटवर्क की हो रही है जांच पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने बताया कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर केवल आरोपी ही नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अगर कहीं भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


