गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कालापाठा स्थित कुशवाहा की बाड़ी की है, जहां रविवार सुबह लोगों ने युवक का शव लटका देखा। मृतक अपनी बहन के घर आया हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को उतारकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सुरेश तोमर (25) पुत्र लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है। वह ग्राम हिनोतिया गिर्द का रहने वाला था और मजदूरी करता था। कालापाठा में उसकी बहन सुनीता रहती है, जो लोगों के घरों में खाना बनाने का काम करती है। सुरेश अक्सर अपनी बहन के पास आता-जाता रहता था। बताया गया है कि कुछ दिन पहले ही युवक की मां की मौत हुई थी। गले में मिले दो फंदे आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। युवक के गले में दो फंदे मिले हैं एक रस्सी का और एक तौलिया का। उसने दो फंदे क्यों लगाए, यह अभी स्पष्ट नहीं है। रात में कब आया, परिवार को पता नहीं युवक अपने परिवार के साथ गांव में रहता था। वह रात को गांव से कब गुना आया, इसकी जानकारी परिवार वालों को नहीं है। रविवार सुबह जब लोगों ने शव देखा तो पुलिस और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। परिजनों ने कहा- कोई परेशानी नहीं थी जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों का कहना है कि युवक को कोई परेशानी नहीं थी। उसने यह कदम क्यों उठाया, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।


