दौसा में बकरी को ढूंढने गया 10वीं का छात्र लापता:लेपर्ड के शिकार की आशंका से हड़कंप, फॉरेस्ट टीम और पुलिस कर रही सर्च

दौसा जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में लेपर्ड द्वारा एक दसवीं कक्षा के छात्र को उठा ले जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना के बाद से परिजन, ग्रामीण, पुलिस और वन विभाग की टीमें पहाड़ी इलाके में बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं। कई घंटे बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना डेण्डा बसेड़ी गांव में रविवार सुबह 9 बजे हुई। सुबह पहाड़ी पर गया था बच्चा, वापस नहीं लौटा मेहंदीपुर बालाजी SHO गौरव प्रधान ने बताया- शनिवार देर शाम विशु प्रजापत की बकरी पहाड़ी क्षेत्र में गुम हो गई थी। रविवार सुबह बकरी को ढूंढने के लिए परिजनों के साथ 10वीं कक्षा का छात्र दिलकुश और उसकी बहन पहाड़ी की ओर गए थे। झाड़ियों में मिला बकरी का कंकाल, तभी हुआ लापता परिजनों ने बताया- पहाड़ी पर झाड़ियों के बीच बकरी का कंकाल मिला। दिलकुश जब कंकाल के पास गया, तो कुछ ही देर में वह अचानक लापता हो गया और वापस नहीं लौटा। बहन ने काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। लेपर्ड द्वारा उठाए जाने का शक परिजनों का कहना है कि लेपर्ड ने गांव में ही शनिवार रात ही बकरी का शिकार किया था। ऐसे में आशंका है कि लेपर्ड कंकाल के आसपास ही मौजूद रहा होगा और बच्चे के पास जाने पर उसे उठा ले गया। इस आशंका के बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस-वन विभाग की टीमें सर्च में जुटीं मेहंदीपुर बालाजी SHO गौरव प्रधान ने बताया- पहाड़ी इलाके से बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस जाप्ता मौके पर भेज दिया गया है। साथ ही वन विभाग की टीमें भी सर्च ऑपरेशन में जुट गई हैं। पहाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी तलाश में लगे हुए हैं। परिजनों द्वारा लेपर्ड अटैक की आशंका जताई जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर सर्च किया जा रहा है। सिकराय क्षेत्र के वन विभाग रेंजर सतीश मीणा ने कहा – डेण्डा बसेड़ी गांव में लेपर्ड द्वारा बच्चे को उठाने की सूचना पर बालाजी वन नाका टीम मौके पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। फिलहाल बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *