शाजापुर ट्रैफिक पॉइंट के आगे डिपो के सामने स्थित एक पान की गुमटी पर नशे में एक युवक ने मारपीट और हंगामा किया। घटना रविवार दोपहर की है। दरअसल, युवक ने दुकान संचालक के साथ मारपीट की। उसने दुकान का सामान सड़क पर फेंक दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। अक्सर दुकान पर आकर विवाद करता था युवक दुकान संचालक महेश चौरसिया ने बताया कि उनकी गुटखा-पान की दुकान पर विकास नामक युवक अक्सर शराब के नशे में आकर गाली-गलौज और विवाद करता है। रविवार को भी वह नशे की हालत में दुकान पर पहुंचा। बिना किसी कारण के मारपीट शुरू कर दी, जिससे दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों पक्षों के बयान के बाद केस दर्ज घटना की सूचना पर कोतवाली थाना क्षेत्र की डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए नशे में मारपीट करने वाले युवक विकास और दुकान संचालक महेश चौरसिया को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


