दगोरी | व्यवहार न्यायालय बिल्हा में 13 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के आदेशानुसार किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ हुआ। आयोजन की अध्यक्षता आकांक्षा सक्सेना (न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी) और रश्मि मिश्रा (व्यवहार न्यायधीश) ने की। लोक अदालत में कुल 88 प्रकरणों का निराकरण किया गया। आकांक्षा सक्सेना के कोर्ट में समरी, क्रिमिनल, सिविल, चेक बाउंस और अन्य मामलों में 460 प्रकरणों का निस्तारण हुआ, जबकि रश्मि मिश्रा के कोर्ट में 358 समरी केस और 42 अन्य मामलों का समाधान किया गया। कार्यक्रम में बिल्हा क्षेत्र के विभिन्न बैंक जैसे सेंट्रल बैंक, स्टेट बैंक, एचडीएफसी और नगर पंचायतों के नल जल व घर टैक्स बकाया राशि के मामलों का सुलहनामा आधार पर समाधान हुआ। लोक अदालत में श्याम कार्तिक पटेल, हरिश्चंद्र यादव, केपी साहू और इंद्र कुमार गुप्ता सदस्य के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बिल्हा अधिवक्ता संघ के वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं का विशेष योगदान रहा।


