पेण्ड्रा | छत्तीसगढ़ राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद पेण्ड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पेण्ड्रा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्वेटर वितरित किए। यह कार्यक्रम शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह और खुशी का माहौल था। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने डॉ. चरण दास महंत को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि उनके सामाजिक सरोकारों से प्रेरणा लेकर यह सेवा कार्य किया गया है। विद्यालय के प्राचार्य विजय वर्मा ने इस प्रकार के सहयोगात्मक प्रयासों को सराहा और कहा कि इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और वे अधिक प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, पूर्व एल्डरमैन मदन सोनी सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


