उदयपुर में 72वीं राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष एवं महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 29 दिसंबर तक होगा। गांधी ग्राउंड, उदयपुर में यह प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 4 दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से टीमें हिस्सा लेंगी और खिताब के लिए मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 34 और महिला वर्ग की 34 टीमें भाग लेंगी। कुल 68 टीमों के साथ 476 पुरुष और 476 महिला खिलाड़ी प्रतियोगिता में मैदान में उतरेंगे। इसके अलावा 50 ऑफिशियल, 34 टीम मैनेजर, 34 टीम कोच और 34 जिलों के सचिव, अध्यक्ष या उनके प्रतिनिधि भी आयोजन से जुड़े रहेंगे। आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता के लिए चार मेट के मैदान तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सभी मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार कराए जा सकें। आयोजन सचिव प्रमोद सामर ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मैदान, आवास और भोजन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बाहर से आने वाली टीमों के ठहरने की व्यवस्था चम्पालाल धर्मशाला, जैन धर्मशाला हाथीपोल, जैन धर्मशाला धोबी की बाड़ी, टी.आर.आई. और एम.आई.आर.टी. के छात्रावासों में की गई है। आयोजन समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों को सवेरे नाश्ता, लंच और डिनर निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन 26 दिसंबर को सुबह 10 बजे होगा, जबकि समापन समारोह 29 दिसंबर को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, स्वागत समिति और प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। प्रतियोगिता के संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर के कोच और अनुभवी निर्णायकों की भी व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय कोच दिनेश चौधरी (अजमेर), सोहन गोदारा (नागौर) और सरस्वती मुंडे (जयपुर) प्रतियोगिता में मौजूद रहेंगे। वहीं प्रो कबड्डी के निर्णायक दामोदर, कृपा शंकर गोड़, आजम खां सहित स्थानीय निर्णायक मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही प्रो कबड्डी में भाग ले चुके कई खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर देंगे।


