कृषि उपज मंडी से सटी हनुमान कॉलोनी में शनिवार शाम मंडी प्रशासन और रहवासियों के बीच विवाद हो गया। मंडी की टीम जेसीबी लेकर परिसर की बाउंड्री करने पहुंची थी, जिससे कॉलोनी का 40 साल पुराना रास्ता बंद हो रहा था। रहवासियों ने इसका तीखा विरोध किया और जेसीबी के सामने धरने पर बैठ गए। लोगों के आक्रोश को देखते हुए मंडी प्रशासन की टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा। हनुमान कॉलोनी का रास्ता कृषि उपज मंडी से होकर जाता है। मंडी प्रशासन अब इस रास्ते पर बाउंड्री बना रहा है। इसका विरोध करते हुए शनिवार शाम 4 बजे लोग रास्ते पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने धमकी दी कि वे जान दे देंगे, लेकिन रास्ता बंद नहीं होने देंगे। विरोध के चलते कृषि विभाग की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और वहां से वापस लौट आई। 40 साल से इसी रास्ते का कर रहे इस्तेमाल हनुमान कॉलोनी के निवासी रामप्रकाश गुप्ता ने बताया, “इस कॉलोनी के जिस रास्ते को कृषि मंडी प्रशासन बंद कर बाउंड्री बनाना चाहता है, वह रास्ता पिछले 40 साल पुराना है। कॉलोनी के लोग इसी रास्ते का अधिकतर प्रयोग करते हैं। अगर रास्ता बंद होगा तो लोग निकलेंगे कहां से। अगर मंडी की जगह थी तो अभी तक मंडी प्रशासन कहां था।” सचिव बोले- हम अपनी जगह सुरक्षित कर रहे मंडी सचिव पंजाब सिंह ने कहा, “मंडी प्रशासन कहीं कोई आम रास्ता बंद नहीं कर रहा। वह जगह मंडी प्रशासन की है। अभी अतिक्रमण हटाकर मुक्त कराया है। हम सिर्फ अपनी बाउंड्री कर जगह सुरक्षित कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है। आगे जो निर्देश होगा, कार्रवाई करेंगे।”


