बड़वानी शहर के झंडा चौक में सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। लगभग 15 फीट लंबी यह पाइपलाइन जल्दबाजी में गड्ढा खोदते समय क्षतिग्रस्त हुई। इसके कारण तुलसीदास मार्ग, निमपुरा, रानीपुरा महालक्ष्मी मंदिर और राजेंद्र मार्ग सहित सैकड़ों घरों में को लगातार पांचवें दिन भी नल सूखे रहे। इससे नाराज नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव, कांग्रेसी पार्षदों और रहवासियों ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पेयजल संकट के चलते लोगों को पीने और दैनिक कार्यों के लिए पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को निजी टैंकरों से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने सीवरेज कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर तत्काल समस्या के समाधान की मांग की। टूटी पाइपलाइन से दूषित पानी पहुंचने की आशंका टूटी हुई पाइपलाइन से पानी का रिसाव होने के कारण गड्ढे में पानी जमा हो गया है। इसमें ड्रेनेज का गंदा पानी भी मिल रहा है, जिससे दूषित पानी के घरों तक पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि सीवरेज कंपनी ने नगर पालिका से समन्वय किए बिना सड़क खोदी, जिससे पेयजल लाइन टूट गई। अब पाइपलाइन जोड़ने में भी लापरवाही बरती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि सीवरेज कार्य को लेकर पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी और नगर पालिका दोनों ही इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे लोग अत्यधिक परेशान हैं। जाधव ने यह भी बताया कि वार्ड के पार्षदों को भी सीवरेज कंपनी के काम की जानकारी नहीं है। सीवरेज कार्य के दौरान पेयजल लाइन के साथ बीएसएनएल की केबलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। देखिए तस्वीरें… पांच दिन से पानी बंद, सड़क खुदाई से जनजीवन व्यस्त सीवरेज कंपनी की ओर से जगह-जगह सड़क तोड़कर काम अधूरा छोड़ देने से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बंद है, जिससे रहवासी परेशान हैं। गड्ढे खोदकर पाइप डाल दिए गए हैं, लेकिन सड़क को समतल नहीं किया गया। इससे न केवल आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि दुकानों तक ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सामग्री आते ही पाइपलाइन जोड़ने का काम शुरू होगा नगर पालिका के जलप्रदाय कर्मचारी अनिल जोशी ने बताया कि सीवरेज कंपनी ने टूटे स्थान पर नया पाइप लाया है और जहां लाइन टूटी थी वहां चैंबर बनाकर मिट्टी भर दी गई है। नए पाइप जोड़ने की सामग्री इंदौर से मंगाई गई है। सामग्री आते ही तत्काल पाइपलाइन जोड़ दी जाएगी और रविवार दोपहर तक जलप्रदाय व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि बड़वानी में 95 करोड़ रुपए की लागत से वर्ष 2018 से सीवरेज लाइन का काम चल रहा है, जो अब 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है।


