प्याज निर्यात खुला, सीहोर के किसानों को राहत:भाव 15 रुपये प्रति किलो पहुंचा, किसानों ने जताई खुशी

सीहोर जिले के किसानों को प्याज के बढ़े हुए दामों से राहत मिली है। केंद्र सरकार द्वारा प्याज निर्यात खोलने और नए भाव तय करने के बाद प्याज का दाम 15 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। पिछले लगभग 15 दिनों से किसान प्याज के बेहद कम दामों (50 पैसे से 1 रुपए प्रति किलो) के कारण परेशान थे और अपनी फसल सड़कों पर फेंकने को मजबूर थे। इस दौरान, ग्राम चंदेरी के किसानों ने समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में सीहोर-भोपाल हाईवे पर मुफ्त में प्याज बांटी थी। उन्होंने पांच-पांच किलो की थैलियां बनाकर राहगीरों, फोर-व्हीलर, टू-व्हीलर और ऑटो-रिक्शा चालकों को प्याज वितरित की थी। केंद्र सरकार के इस फैसले से प्रसन्न ग्राम तोरणिया, रामाखेड़ी और हसनाबाद के किसान अब खुश है।इस दौरान ‘जय किसान, जय भारत’ के नारे लगाए गए। किसानों ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर किसान एवं समाजसेवी एम.एस. मेवाड़ा का किसानों द्वारा सम्मान किया गया। किसानों ने बताया कि जब उनकी समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा था, तब एम.एस. मेवाड़ा ने उनकी आवाज़ उठाई और शासन-प्रशासन तक उनकी बात पहुंचाई। किसानों के अनुसार, जो प्याज पहले कौड़ियों के भाव बिक रही थी, अब उसका दाम 5 से 15 रुपये प्रति किलो हो गया है। सीहोर के किसानों को अब अपनी फसल का उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *