दतिया नगर पालिका ने शहर में कुल 11 नए शौचालयों का निर्माण का फैसला किया है। इसके लिए करीब 2.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस योजना के तहत 5 सामुदायिक शौचालय और 6 आधुनिक सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि इनमें से एक शौचालय श्री पीतांबरा पीठ के पास भी बनेगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। 75 लाख की लागत से बनेंगे 5 शौचालय नगर पालिका के अनुसार, 75 लाख रुपये की लागत से 5 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण होगा, जबकि 1.5 करोड़ रुपये खर्च कर 6 सुलभ कॉम्प्लेक्स तैयार किए जाएंगे। सभी नए शौचालयों में स्नानघर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु और आम नागरिकों को शौच और स्नान दोनों की सुविधा एक ही जगह मिल सकेगी। रविवार को प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शामिल होकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर नगर पालिका के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। डॉ. मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता किसी भी शहर की पहचान होती है और ऐसी योजनाएं सीधे जनता के हित से जुड़ी होती हैं। इन इलाकों में होगा शौचालयों का निर्माण
जानकारी के मुताबिक, सुलभ कॉम्प्लेक्स झांसी चुंगी, सेंवढ़ा चुंगी, भांडेर चुंगी, पीतांबरा मंदिर, लाला का तालाब और सब्जी मंडी में बनाए जाएंगे। प्रत्येक सुलभ कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं सामुदायिक शौचालय अंधेरपुरा, खलकापुरा, रिछरा फाटक, ईरानी बस्ती और भांडेर रोड स्थित लोहपीटा बस्ती के पास बनाए जाएंगे, जिन पर करीब 15 लाख रुपये प्रति शौचालय की लागत आएगी। नगर पालिका का दावा है कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे। जानिए अभी क्या है स्थिति श्री पीतांबरा पीठ के मुख्य द्वार के सामने पहले सुलभ कॉम्प्लेक्स मौजूद था, लेकिन मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण के दौरान उसे हटा दिया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में नगर पालिका ने टेलीफोन एक्सचेंज के पास शौचालय बनवाया, लेकिन वह मंदिर से काफी दूर होने के कारण उपयोगी साबित नहीं हो सका। वहां स्नानघर की सुविधा भी नहीं है, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को महंगे होटलों का सहारा लेना पड़ता है। इसी तरह भांडेर रोड और सेंवढ़ा रोड पर भी सुलभ कॉम्प्लेक्स की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सब्जी मंडी के व्यापारी भी काफी समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। अब नए शौचालयों के निर्माण से श्रद्धालुओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।


