राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में वार्ड नंबर 4, बिजासन माता मंदिर क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन के तार आपस में टकराने से हुए फॉल्ट ने पूरे वार्ड को दहशत में डाल दिया। इस फॉल्ट के कारण कई घरों और दुकानों में लगे LED टीवी, फ्रिज, पंखे, वॉशिंग मशीन, CCTV कैमरे, डीवीआर, मीटर और बिजली की लाइनें जल गईं। पूरे वार्ड में लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आ रही है। फॉल्ट से हुए नुकसान की सूचना जब लोगों ने दैनिक भास्कर को दी, तो रविवार को हमारी टीम मौके पर पहुंची और वार्ड नंबर 4 में घर-घर व दुकानों पर जाकर पीड़ितों से बात की। इनके घरों में पहुंचा नुकसान
सबसे पहले टीम वार्ड में रहने वाले जुम्मा खां के घर पहुंची। घर पर मौजूद उनके बेटे शरीफ मंसूरी ने बताया कि बिजली फॉल्ट के दौरान उनके घर में लगी LED टीवी, D2H सेटअप बॉक्स, तीन पंखे, फ्रिज जल गए। इसके अलावा उजाले के लिए लगे 10 से 12 बल्ब फूट गए और घर की बिजली लाइन भी जल गई। शरीफ मंसूरी के मुताबिक उनके घर में करीब 50 से 60 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पूरे मोहल्ले में लगभग हर घर को नुकसान पहुंचा है। इसी वार्ड में रहने वाले जीवन गुप्ता, जो हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि फॉल्ट के दौरान उनका फ्रिज, LED टीवी और दुकान की कई लाइटें जल गईं। उन्होंने बताया कि जैसे ही सड़क के बाहर बिजली के तार टकराए, तेज चिंगारी निकली। उसी समय दुकान के मीटर में आग लग गई। जीवन गुप्ता ने कहा, “आवाज इतनी तेज थी कि हम घबरा गए। आधे घंटे तक हम कांपते रहे। दुकान के ऊपर घर में रखा फ्रिज और एलईडी लाइट भी जल गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।” इसके बाद टीम संजय जावा के घर पहुंची। उन्होंने बताया कि तेज धमाके के साथ उनके घर में एसी के लिए लगा स्टेबलाइजर, एलईडी लाइट सहित कई उपकरण जल गए। संजय जावा ने कहा कि 24 घंटे बाद बिजली आने के बावजूद अभी भी वोल्टेज सही नहीं है। लाइट कभी कम तो कभी ज्यादा हो रही है, जिससे पानी की मोटर तक नहीं चल पा रही है। इसके बाद दैनिक भास्कर वार्ड में स्थित श्रीराम किराना एंड मशीनरी दुकान पर पहुंचा। यहां रहने वाले अंकित गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान में लगी 32 इंच LED टीवी, CCTV कैमरे, डीवीआर, दुकान में लगे करीब 30 एलईडी बल्ब, दो पंखे, ट्यूबवेल का स्टार्टर, बिजली की लाइन और मीटर पूरी तरह जल गए। उन्होंने बताया कि उन्हें करीब 40 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। इसी तरह वार्ड नंबर 4 में रहने वाले मोतीलाल वर्मा के घर में भी मीटर, LED टीवी, दो रिसीवर सहित अन्य बिजली उपकरण जल गए। क्या था मामला खिलचीपुर के वार्ड नंबर 4 स्थित बिजासन माता मंदिर के समीप शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चाइना मांझे से उड़ाई जा रही पतंग 11 केवी बिजली लाइन में उलझ गई। किसी ने मांझा खींच दिया जिससे लाइन के तीनों तार आपस में टकरा गए और तेज धमाके के साथ एक तार टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर कोई व्यक्ति या वाहन मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद करंट के तेज झटकों से कई घरों के बिजली उपकरण जल गए और पावर हाउस को भी नुकसान पहुंचा। सुरक्षा को देखते हुए बिजली विभाग ने तत्काल सप्लाई बंद कर दी। मरम्मत के लिए राजगढ़ से एसटीएम टीम मौके पर पहुंची। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार शाम साढ़े छह बजे बिजासन माता मंदिर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि, बिजली आने के बाद ही लोगों को अपने नुकसान का सही अंदाजा हुआ। वार्डवासियों ने चाइना मांझे पर सख्त प्रतिबंध, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। देखें तस्वीरें


