भास्कर न्यूज । बालोतरा अरावली पर्वतमाला की गोद में बसा विश्व विख्यात जैन तीर्थ नाकोड़ा। इन दिनों रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से हजारों श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। रात के समय प्रवेश द्वार से लेकर पूरे रास्ते व निज मंदिरों को चकाचौंध रोशनी से सजाया गया है। श्री पार्श्वनाथ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव को लेकर जैन तीर्थ नाकोड़ा में तीन दिवसीय पौष दशमी मेले के दूसरे दिन लोगों की भीड़ उमड़ रही। जैन धर्म में पौष दशमी के मेले की अधिक महत्ता होने से यह साल का सबसे बड़ा मेला माना जाता है। इसमें देश भर से हजारों श्रद्धालु शरीक होते हैं। तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत शनिवार सुबह शुभ वेला में महाआरती के साथ हुई। इसके बाद दिन भर तप-तेला सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन चलते रहे। शाम को गायक कलाकारों की ओर से भजनों की प्रस्तुतियां दी। देशभर के कोने-कोने से करीब 50 हजार श्रद्धालु मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव के साक्षी बनेंगे। श्रद्धालु मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ व अधिष्ठायक भैरवदेव सहित निज मंदिरों में दर्शन-पूजन कर खुशहाली की कामना करेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। प्रवेश द्वार से लेकर मंदिर के कोने-कोने में की गई आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने-पीने सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस जवानों के साथ होमगार्ड व निजी गार्ड व्यवस्था संभाले हुए हैं।


