भास्कर संवाददाता | टेंटरा ग्राम पंचायत टेंटरा एवं गजाधर का पुरा में इन दिनों हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। घरेलू जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गांव की गलियां कीचड़ और गंदगी से भर गई हैं। बरसात के बाद हालात और बदतर हो गए हैं। जिससे स्थानीय निवासियों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। गांव की मुख्य सड़कों से लेकर संकरी गलियों तक जगह-जगह पानी जमा है। पैदल चलना तो मुश्किल है ही, दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार ग्रामीण गिरकर चोटिल हो चुके हैं। जलभराव के चलते मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका गहरा गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ग्राम पंचायत को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में फैल रहा है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण विश्राम सिंह धाकड़ और अजीत कुमार का कहना है कि वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं और गंदगी के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा ^ गलियों की सफाई कराई जा रही है। गजाधर का पूरा में गली नीची होने के कारण पानी निकासी में समस्या आ रही है। जिसका जल्द समाधान कराया जाएगा। – गणेश रावत, सचिव ग्राम पंचायत टेंटरा


