मुरैना । उम्र सिर्फ एक संख्या है, यह साबित कर दिखाया है मुरैना गांव के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका सुजाता तोमर ने। बिहार की राजधानी पटना में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स टूर्नामेंट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए शॉट पुट (गोला फेंक) प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। 45 से 60 वर्ष आयु वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए सुजाता ने 9.36 मीटर दूर गोला फेंककर नया रिकॉर्ड भी बनाया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड द्वारा 13 से 15 दिसंबर तक सचिवालय भारत फाउंडेशन, पटना में आयोजित की जा रही है।


