जिले में सर्दी के सीजन की पहली ही सुबह घना कोहरा छाते ही सड़कें हादसों का ज़ोन बन गईं। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने के कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन समय पर दिखाई नहीं दिए। इसका नतीजा यह हुआ कि रविवार सुबह भरतपुर-बयाना राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जबकि डीग-कामा सड़क मार्ग पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। ड्राइवर को ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी तो रॉन्ग साइड में कूदी कार रुदावल थाना क्षेत्र में भरतपुर-बयाना राजमार्ग पर गांव कैमासी के पास रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। बयाना की ओर से आ रही एक कार चालक को सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी। नजदीक आने पर उसे बचाने के प्रयास में कार असंतुलित होकर गलत साइड में चली गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया। घायलों में गांव कासौट, थाना सदर डीग निवासी चंद्रपाल (33), उनकी पत्नी नीलम (30), दादी गीता (65) और सास ओमवती (55) शामिल हैं। ये सभी श्यारौली स्थित भैरव बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे। उच्चैन थाने के एएसआई सोरन सिंह ने बताया कि हादसे का कारण घना कोहरा रहा। डीग-कामां मार्ग पर दिदावली के पास हादसा, दो महिलाओं समेत तीन जने गंभीर रूप से घायल डीग। डीग-कामा सड़क मार्ग पर गांव दिदावली से आगे स्कूल के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे घने कोहरे के कारण दो कारों में आमने-सामने टक्कर हो गई। कामा की ओर से आ रही अर्टिगा और डीग की ओर से आ रही स्विफ्ट कार की भिड़ंत में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में स्विफ्ट कार में सवार भरतपुर निवासी मुकेश (53), उनकी पत्नी फरिता (45) और विमला देवी (62) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चालक अमित को मामूली चोटें आईं। घायलों को पहले जिला अस्पताल डीग ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया। बताया गया कि सभी लोग गमी में शामिल होने भरतपुर से जुरहरा जा रहे थे। सूचना पर डीग कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद अर्टिगा कार में सवार लोग वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।


