पीड़ित टोंक निवासी, स्टेशनरी का सामान लेने जयपुर से लौट रहा ​था, रास्ते में बदमाशों ने कार में बिठाया

भास्कर न्यूज | टोंक जिले के स्टेशनरी व्यवसायी विनोद जैन का रविवार रात जयपुर से अपहरण कर करीब पांच घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान बदमाशों ने दो लाख रुपए लूट लिए। जयपुर सांगानेर बस स्टैंड के पास उसे अपहरणकर्ताओं ने काफी टॉर्चर किया। परिवार वालों से 50 लाख रुपए की फिरौती मंगवाने को कहा, लेकिन विनोद के कई बार मिन्नतें करने के बाद कार सवार बदमाश उसे टोंक रोड की तरफ बीलवा के पास चलती कार से फेंककर फरार हो गए। पुरानी टोंक के काला बाबा निवासी पीड़ित व्यवसायी 39 वर्षीय विनोद जैन ने सांगानेर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि बदमाशों ने सबसे पहले उसकी जेब में रखे एटीएम कार्ड व 8 हजार रुपए की नकदी निकाल ली। एटीएम से पैसे निकालने के लिए पिन नंबर मांगा। नहीं बताने पर उंगली पर चाकू मार दिया। हाथ-पैर रस्सी से बांध कर ऊपर से कंबल डाल दिया गया। शोर मचाने पर बदमाशों ने कार में ही मारपीट की। करीब पांच घंटे तक उसे टॉर्चर किया गया। जान के डर से पिन नंबर बताने पर बदमाशों ने अलग-अलग जगहों से एटीएम कार्ड से 2 लाख रुपए लूट लिए। सांगानेर थाना पुलिस के अनुसार पीड़ित से घटना की जानकारी लेकर जांच की जा रही है। बदमाशों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। विनोद ने बताया कि कार में बैठने के करीब दस मिनट बाद ही बदमाश उसके गले पर चाकू रखकर स्मैक खरीदने के लिए एक लाख रुपए मांगने लगे। करीब 5 घंटे तक उसे कार में घुमाते टॉर्चर करते रहे। घरवालों के जरिए 50 लाख रुपए फिरौती मांगी। काफी देर गिड़गिड़ाने के बाद रात करीब 1:30 बजे बीलवा के पास उसे चलती कार से फेंक गए। वह जैसे-तैसे चाकसू पहुंच गया। वहां से पीड़ित ने घरवालों से संपर्क किया। देर रात परिजन पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। रविवार अल सुबह 4 बजे बाद वह घर लौट पाया। बातचीत से बदमाश जयपुर के ही लग रहे थे, उनकी उम्र 30 से 35 साल के करीब होगी। गले पर चाकू रख स्मैक के लिए मांगे थे एक लाख रुपए

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *