गैस िरसाव से मृत लोगों के परिजनों को मुआवजा व नौकरी दे बीसीसीएल : ढुलू

भास्कर न्यूज | केंदुआ पीबी एरिया के गोपालीचक कोलियरी के केंदुआ राजपूत बस्ती, कुसुंडा एरिया के गेस्ट हाउस, नया धौड़ा एवं केंदुआ पांच नंबर इमामबाड़ा इलाके में जहरीली गैस रिसाव से परेशान स्थानीय लोगों से मिलने रविवार की संध्या धनबाद सांसद ढुलू महतो पहुंचे। पीड़ितों ने गैस रिसाव से उत्पन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। अविलंब इस पर रोक लगाने की मांग की। सांसद ने मौके से ही बीसीसीएल के जीएम जीके मेहता से फोन पर बात की। उन्हें केंदुआ गैस रिसाव स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने धनबाद उपायुक्त से भी पूरे मामले पर चर्चा की। पत्रकारों से बातचीत में सांसद ने कहा कि केंदुआ क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। कानून को ताक पर रखकर आसपास आउटसोर्सिंग का कार्य कराया जा रहा है। अंडरग्राउंड माइंस में बालू भराई नहीं की गई, लेकिन उसका भुगतान ठेकेदार ने उठा लिया। उन्होंने बीसीसीएल के वर्तमान सीएमडी पर भ्रष्टाचार सहित गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही गैस प्रभावित इलाके का सर्वे कराए जाने की भी बात कही। सांसद ने बताया कि गैस रिसाव के बाद वे छह दिसंबर को यहां का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद दिल्ली जाकर केंद्रीय कोयला मंत्री से मुलाकात की। क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद केंद्र की टीम जांच के लिए यहां पहुंची। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए। सांसद ने गैस रिसाव से मृत लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं एक सदस्य को रोजगार देने की मांग बीसीसीएल प्रबंधन से की। बाहर से दवा खरीदने के निर्देश पर जताई नाराजगी सांसद के जाने के बाद जीएम जीके मेहता मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान कुस्तौर क्षेत्रीय अस्पताल से धनबाद सेंट्रल अस्पताल रेफर की गई 60 वर्षीय जमीला खातून की पुत्री रुखसार खातून ने डॉक्टरों की ओर से बाहर से महंगी दवा खरीदने के लिए दी गई पर्ची दिखाते हुए अपनी आर्थिक स्थिति की जानकारी दी। इस पर जीएम जीके मेहता ने अस्पताल में दवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने भी अस्पताल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। मौके पर वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि गोविंदा राउत, मोनू पाठक, मो. जाहिद, दीना सिंह, नवीन पंडित, विजय आदि थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *