355 ग्राम पंचायतों में बनी लेबर बजट की कार्ययोजना

भास्कर न्यूज | कोरबा मनरेगा के तहत निर्माण कार्यों की योजना प्रक्रिया को प्रभावी बनाने की पहल की गई है। वर्ष 2026-27 के लिए जिले की 355 ग्राम पंचायत के लेबर बजट की कार्य योजना युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से तैयार की गई है। जिसमें 3 हजार से अधिक कार्य शामिल है। योजना के तहत गांव में जल संरक्षण और संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता से कराए जाएंगे। बाकी ग्राम पंचायत में भी लेबर बजट की कार्य योजना बनाई जा रही है। मनरेगा के तहत योजनाओं के निर्माण और निगरानी में युक्तधारा पोर्टल एक मजबूत तकनीकी सहयोगी के रूप में उभरकर सामने आया है। इसके माध्यम से योजना निर्माण, परिसंपत्ति विकास, जियो-टैगिंग, डेटा संकलन, डिजिटल डाक्यूमेंटेशन तथा पारदर्शिता को नई दिशा मिलेगी। यह प्लेटफॉर्म भू-स्थानिक डेटा आधारित अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है, जिसके कारण ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों के चयन से लेकर निगरानी तक की प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी बनती है। जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने बताया कि युक्तधारा पोर्टल योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे इस तकनीकी प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग कर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक आदर्श व प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें, ताकि ग्रामीण हितग्राहियों को अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। क्या है युक्तधारा पोर्टल युक्तधारा पोर्टल, मनरेगा के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कार्ययोजना निर्माण व क्रियान्वयन के लिए विकसित भू-स्थानिक नियोजन प्लेटफॉर्म है। इसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो और ग्रामीण विकास मंत्रालय ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। यह पोर्टल रिमोट सेंसिंग और जीआईएस तकनीक का उपयोग कर परिसंपत्तियों का जियो-टैगिंग करता है, जिससे योजनाओं की पारदर्शिता, दक्षता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित होता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *