मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस नया संगठन खड़ा कर रही है या यूं कहें कि पुराने संगठन में पुनर्गठन किया जा रहा है। इसको लेकर गुरुवार को मंदसौर प्रभारी जयवर्धन सिंह और सह प्रभारी अमन बजाज मंदसौर पहुंचे और जिले के ब्लॉक स्तर में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर रायशुमारी की। सह प्रभारी अमन बजाज ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस का नया संगठन बनाया जा रहा है, इसमें ब्लॉक स्तर से लेकर प्रदेश तक के अध्यक्ष और अन्य पदों पर नए कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। कुल मिलाकर वर्तमान में संगठन के पदों पर बैठे निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा। इसमें ब्लॉक स्तर से लगाकर जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को बदला जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अब कांग्रेस में युवा और जोश से भरे कार्यकर्ताओं को मौका देकर प्रदेश के कांग्रेस संगठन फिर से संगठित करने के प्रयास शुरू किए है। रायशुमारी करने आए अमन बजाज ने कहा कि अगले महीने से कांग्रेस का संगठन और भी मजबूत सक्रिय नजर आएगा।


