रील्स में बंदूकों-गाड़ियों की नुमाइश करने वाला स्मगलर:7वीं पास सोहैल का 3 राज्यों में नशे का नेटवर्क, करोड़ों की प्रॉपर्टी, अब जेल में, पार्ट-1

दुनिया में दो किस्म के लोग होते हैं। जिंदा और मुर्दा…और तीसरे होते हैं घायल। हमसे सब छीन लिए और हमें जिंदा छोड़ दिए। गलती किए। इंस्टाग्राम रील में मिर्जापुर वेब सीरीज के इस डायलॉग के साथ हाथ में ऑटोमैटिक राइफल की नुमाइश कर रहा ये शख्स राजस्थान, महाराष्ट्र और एमपी में MD ड्रग्स का बड़ा तस्कर ‘सोहैल पठान’ उर्फ सोहैल लाला है। सोहैल राजस्थान के झालावाड़ जिले के डग कस्बे का रहने वाला है। हाल ही में झालावाड़ पुलिस ने नशा तस्करों पर ऑपरेशन दिव्य प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की। 71 तस्करों की 125 करोड़ की 107 संपत्ति फ्रीज की। भास्कर की स्पेशल सीरीज ‘नशे के सौदागर’ में पढ़िए ऐसे ही नशे के तस्करों की क्राइम कथा। आज पहले पार्ट में कहानी 7वीं पास सोहैल खान उर्फ सोहैल लाला की, जिसने 28 की उम्र में नशे के काले कारोबार से करोड़ों की प्रॉपर्टी खड़ी कर ली। बाप जेल गया तो पढ़ाई छोड़कर क्राइम वर्ल्ड में एंट्री
सोहैल के पिता नियामत खान की 5 साल पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। नियामत भी बदमाश था। उसकी पहली बीवी का नाम गुलनाज और दूसरी का सलमा बंजारन है। सोहैल गुलनाज का बेटा है। सोहैल पहली से सातवीं क्लास तक डग के कमला कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ा। 8वीं में अंजुमन स्कूल में पढ़ने गया। उसी दौरान उसके पिता को गरोठ में एक पेट्रोल पंप पर हुई लूट के मामले में जेल जाना पड़ा। पिता के जेल जाने के बाद सोहैल ने पढ़ाई छाेड़ दी और अपराध की दुनिया में आ गया। दो साल बाद पिता जेल से छूटकर आया, तब तक सोहैल हथियारों की तस्करी और छोटी-मोटी वारदातों से होने वाली कमाई से घर चलाने लग गया था। साल 2013 में सोहैल की जीप से डग में एक लड़के का एक्सीडेंट हो गया था। इस मामले में उस पर पहली बार डग पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ था। पहले हथियारों, फिर एमडी ड्रग्स की तस्करी
2020 में सोहैल के पिता की मौत हो गई। इसके बाद जल्दी अमीर बनने की चाह में साेहैल ऑटोमैटिक पिस्टल और हथियारों की तस्करी के काम में लग गया। साल 2020 में उसने पुलिस थाना कोतवाली के मुखबिर का पिस्टल लगा कर किडनैप कर लिया था और फरार हो गया था। पुलिस ने उसके साथी परवेज के घर की तलाशी ली। वहां घर के अन्दर गांजा व तलवारें मिली थीं। पुलिस ने सोहैल को भी गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में वो 3-4 महीने जेल में रह कर जमानत पर बाहर आया था। साल 2021 में सोहैल ने डग कस्बे में शाहिद खान नाम के एक शख्स के हाथ-पैर तोड़ दिए थे। 2022 में सुकेत निवासी सलमान को पिस्टल देने के मामले में भी सोहैल का नाम सामने आया था। इस मामले में 4 महीने रामगंज मंडी जेल में रहा था। अब तक सोहैल का संपर्क बड़े ड्रग स्मगलरों से हो गया था। रामगंज मंडी जेल में उसकी मुलाकात सरफराज से हुई, जो एनडीपीएस एक्ट के मामले में बंद था। एमडी ड्रग्स की तस्करी में ज्यादा कमाई देखकर सोहैल एमपी बॉर्डर पर इसकी तस्करी करने लगा। धीरे-धीरे उसने राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बड़ा नेटवर्क बना लिया। साथी को पुलिस हिरासत से फरार कराया
साल 2023 में थाना डग (झालावाड़) की पुलिस ने सोहैल को पिस्टल के साथ आर्म्स एक्ट में पकड़ा। तब 5-7 दिन जेल में रहा। दो महीने बाद इंदौर पुलिस उसके साथी लियाकत खान को पेशी पर भवानीमंडी कोर्ट से वापस इंदौर ले जा रही थी। सोहैल ने अपने साथियों के साथ मिलकर लियाकत को इंदौर पुलिस की हिरासत से फरार करवा दिया। इस मामले में भी सोहैल 3-4 महीने जेल में बंद रहा था। साल 2024 में एक मकान को खरीदने को लेकर सोहैल का घाटाखेडी निवासी जावेद के साथ विवाद हो गया। उसने जावेद को डराने-धमकाने के लिए फायरिंग की। इस मामले में उसे फिर 15-20 दिन जेल जाना पड़ा था। एमडी ड्रग्स की कमाई से कई गाड़ियां खरीदीं
बार-बार जेल जाने के बावजूद उसका एमडी नशे की तस्करी और सप्लाई का काम बढ़ता ही जा रहा था। वो एमडी की ये सारी खेप इंदौर में किसी रमेश भाई से लेकर आता था। एमडी से होने वाली कमाई से सोहैल ने इको स्पोर्ट, बलेनो, स्कॉर्पियो, महिंद्रा थार सहित कई गाड़ियां और रॉयल एनफील्ड बाइक खरीदी। अप्रैल 2024 में सोहैल के पास किसी शख्स की गिरवी रखी एक स्विफ्ट कार थी। हत्या के बाद तनाव, गुस्साए लोगों ने सोहैल के घर में तोड़फोड़ की
उसी दौरान सोहैल की डग के ही रहने वाले शिंभूसिंह राजपूत से जमीनी विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। शिंभूसिंह फोटो स्टूडियो चलाते थे। 24 अप्रैल 2024 को शाम में डग कस्बे में हो रही एक शादी में शिंभूसिंह रोड पर फोटोग्राफ़ी कर रहे थे। सोहैल स्विफ्ट कार में दोस्त रेहान, फारूख व फैजल के साथ उसी रास्ते से निकल रहा था। कार फैजल चला रहा था। कार के रास्ते में शिंभूसिंह आ रहा था तो फैजल ने कई बार हॉर्न बजाया। वो नहीं हटा तो आवेश में आकर फैजल ने कार को शिभूसिंह के टच कर दिया। शिंभूसिंह ने गालियां देनी शुरू कर दी। सोहैल ने गुस्से में गोली मारकर शिंभूसिंह की हत्या कर दी। घटना के बाद डग क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। गुस्साए लोगों ने सोहैल के घर और कुछ दुकानों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। दंगा भड़क गया था। वहीं घटना के 3 दिन बाद पुलिस ने सोहैल को उसके साथियों सहित इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सोहैल जेल में है। मंदिर की जमीन पर बनाया था बंगला, पुलिस ने तोड़ा
भास्कर पड़ताल में सामने आया कि सोहैल ने कुछ समय पहले डग के पास ही एक गांव में मंदिर के चौक पर कब्जा कर अपने लिए बंगला बना लिया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसकी इस अवैध प्रॉपर्टी को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया है। इसके अलावा पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट की धारा 68 एफ के तहत कार्रवाई करते हुए डग कस्बे के पठारी मोहल्ले में स्थित सोहैल के करीब 60 लाख रुपए के दो मकानों को सील कर दिया है। उसके 50 लाख रुपए कीमत की कृषि भूमि और करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा की कीमत के बेशकीमती प्लॉट को भी फ्रीज कर दिया है। कुल मिलाकर सोहैल की 18 प्रॉपर्टीज को पुलिस ने सील किया है। इनकी कीमत 10 करोड़ 38 लाख 30 हजार रुपए है। पुलिस ने उसकी जी विटारा कार, बलेनो कार, अल्टो कार, स्विफ्ट कार, आई 20 कार, फोनिक्स कार, स्कॉर्पियो, दो पल्सर बाइक व एक स्प्लेंडर बाइक को भी जब्त किया है। एसपी बोले- तस्करों की क्राइम कुंडली तैयार, समूल नाश करेंगे
झालावाड़ एसपी अमित बुढ़ानिया ने बताया कि पिछले ढाई-तीन महीने में पुलिस ने नशा तस्करों की क्राइम कुंडली बनाई है। हमने ऐसे 71 नशा तस्करों पर कार्रवाई कर उनकी 125 करोड़ की प्रॉपर्टी सील की है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पार्ट 2 में कल पढ़िए : 10 साल सरपंच रहा, फिल्मों की तरह गाड़ियां बदलकर स्मगलिंग : पेट्रोल पंप लगाया, करोड़ों का मार्केट-घर बनाया, प्रॉपर्टी किसी और के नाम पर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *