मध्यप्रदेश सरकार के उर्जा मंत्री और शिवपुरी के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आज (गुरुवार) दोपहर जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। इस दौरान अस्पताल में अस्पताल परिसर में कई जगह गंदगी मिली तो वे नाराज हो गए और खुद अपने हाथ से वॉश बेसिन साफ किया। जिला अस्पताल में भ्रमण के दौरान मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को एक प्रसूता एम्बुलेंस के इन्तजार में बैठी मिली। पूछने पर महिला रिंकी वंशकार ने बताया कि मैं मायापुर थाना क्षेत्र के पड़ोरा गांव की रहने वाली हूं। डिलीवरी के लिए मुझे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गर्भ में बच्चे की मौत हो गई थी। एक दिन पहले (बुधवार) शाम के समय मुझे छुट्टी दे दी गई। लेकिन छोड़ने के लिए 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। रिंकी ने बताया कि कल शाम से ही मैं परिजन के साथ जिला अस्पताल में एम्बुलेंस का इंतजार कर रही हूं। यह सुनकर ऊर्जा मंत्री ने मौके पर मौजूद एसडीएम उमेश कौरव और सिविल सर्जन डॉ बी एल यादव को कार्रवाई के निर्देश दिए और प्रसूता को रेड क्रॉस की एम्बुलेंस से घर पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में तीसरी बार किया निरीक्षण
बता दें कि प्रभारी मंत्री तोमर ने आज जिले का प्रभार मिलने के बाद तीसरी बार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बार पहले की अपेक्षा जिला अस्पताल की व्यवस्था ठीक है। ग्वालियर में फावड़ा लेकर नाले में उतर गए थे प्रद्युम्न सिंह यह तस्वीर 2021 की है, तब ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में नाले में उतर गए थे। अपने हाथों में फावड़ा लेकर कीचड़ साफ किया और नगर निगम के अधिकारियों को उनकी सफाई की हकीकत दिखाई थी। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों से कहा था कि ये लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इससे पहले वे टॉयलेट, सड़क और श्मशान में साफ-सफाई करते हुए भी नजर आ चुके हैं। इतना ही नहीं एक बार तो वे नसेनी पर चढ़कर ट्रांसफॉर्मर पर पर लगी झाड़ियां साफ करने लगे थे।


