अमृतसर में चाइना डोर के 1200 बैग जब्त किए गए है। आज पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को टोल फ्री नंबर पर सूचना मिली कि अगर घी मंडी क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट सेक्टर में छापेमारी की जाए तो चाइना डोर के गट्टू मिल सकते है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सीएन श्री सुखदेव सिंह, एसडीओ विनोद कुमार और जसमीत सिंह ने घी मंडी में छापा मारा तो ट्रक से चाइना डोर उतारी जा रही थी। इस अवसर पर अधिकारियों ने ट्रक से चाइना डोर के 1200 बैग जब्त कर स्थानीय पुलिस सूचित कर डोर उनके हवाले कर दी। जिस पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन आर्दशपाल विंग के मार्गदर्शन में जारी टोल फ्री नंबर के तहत चाइना डोर की बिक्री, खरीद और भंडारण के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने चाइना तार के खिलाफ व्यापक अभियान भी चलाया हुआ है, जिसके तहत पुलिस प्रशासन ड्रोन का प्रयोग कर चाइना तार की पतंग उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।


