खैरथल में डॉ. तोगड़िया ने हिन्दू एकता का आह्वान किया:जनसभा में जनसंख्या संतुलन, राम मंदिर पर भी विचार रखे

खैरथल में रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य हिन्दू एकता सभा व कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। मातोर रोड स्थित कृष्णा वाटिका में रविवार शाम को कार्यक्रम हुआ। सम्मेलन में परिषद के वरिष्ठ नेता एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. प्रवीण तोगड़िया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, युवा, समाजसेवी और श्रद्धालु जुटे, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और धार्मिक उद्घोषों से गूंज उठा। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. तोगड़िया ने हिन्दू समाज की संगठित शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जागरूक भूमिका निभाना समय की मांग है। उन्होंने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और आत्मनिर्भरता को मजबूत भारत की नींव बताते हुए कहा कि संगठित समाज ही हर चुनौती का सामना कर सकता है। डॉ. तोगड़िया ने जनसंख्या संतुलन, सामाजिक समरसता और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने आह्वान किया कि स्थानीय व हिन्दू व्यापारियों से खरीदारी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि समाज के भीतर ही संसाधनों का सृजन और विकास हो। साथ ही परिवार और संस्कारों के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। सम्मेलन में उन्होंने प्रत्येक हिन्दू घर में प्रतिदिन हनुमान चालीसा पाठ और गौ माता को राष्ट्रीय दर्जा दिए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि अब संकल्प है, हर हिन्दू घर पर भगवा ध्वज, सुरक्षित भविष्य, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण। राम मंदिर आंदोलन की चर्चा करते हुए डॉ. तोगड़िया ने अपने संघर्षपूर्ण अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि 450 वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद मंदिर निर्माण संभव हुआ। “हमने लड़ना नहीं छोड़ा—संकल्प लिया और अंततः मंदिर वहीं बना,” उन्होंने कहा। साथ ही युवाओं के रोजगार, किसानों को फसल का उचित मूल्य और बेहतर शिक्षा की आवश्यकता पर भी बल दिया। सभा के दौरान डॉ. तोगड़िया ने जनसमूह से संवाद स्थापित करते हुए समाजहित के कार्यों के लिए सदैव उपलब्ध रहने की घोषणा की और अपना संपर्क नंबर भी साझा किया। इस पर उपस्थित लोगों ने तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम से पूर्व हनुमान चौक पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जुलूस हनुमान चौक से मातोर रोड, अग्रसेन सर्किल, मुख्य बाजार, रेलवे फाटक, हरसौली रोड, 40 फुटा रोड, सिनेमा रोड, नासरबाद रोड और पुरानी अनाज मंडी होते हुए कृष्णा वाटिका पहुंचा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने डॉ. तोगड़िया का साफा व दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। सम्मेलन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। मंच पर जिला अध्यक्ष रघुवर दयाल गुर्जर, योगेश चौधरी (जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय बजरंग दल), भंवर चौधरी, कामेन्द्र सिंह, सीताराम पचार, मुकेश मष्ठा, देवेंद्र, दीपक, अंकित शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन राधेश्याम शर्मा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *