रतलाम के मेगा इंडस्ट्रियल पार्क (निवेश क्षेत्र) की 13 हेक्टेयर जमीन पर हुए अतिक्रमण को आज (सोमवार) हटाया जाएगा। ग्राम बिबड़ौद में बने 30 से ज्यादा मकान और 30 ईंट-भट्ठों पर प्रशासन की कार्रवाई सुबह 11 बजे से शुरू होगी। एक दिन पहले रविवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर लोगों को खुद अतिक्रमण हटाने की आखिरी चेतावनी दी थी। प्रशासनिक अमला सुबह 11 बजे तक बिबड़ौद क्षेत्र में पहुंचेगा। मेगा इंडस्ट्रियल पार्क की जमीन पर उद्योगों का काम तेज करने के लिए प्रशासन एक्शन मोड में है। नायब तहसीलदार मनोज चौहान ने बताया कि बिबड़ौद के सारे अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। आज सख्ती से अतिक्रमण हटाया जाएगा। बेघरों को लखनगढ़ में मिलेगी जगह जिन लोगों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है, उन्हें प्रशासन अस्थायी राहत देगा। ऐसे लोगों को बिबड़ौद से 8 किलोमीटर दूर लखनगढ़ में जगह दी जाएगी। यह व्यवस्था अस्थायी होगी और अपनी व्यवस्था करने के बाद लोगों को यह जगह भी छोड़नी होगी। रविवार को दी थी समझाइश अतिक्रमणकर्ताओं को प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस और समझाइश दी गई थी। रविवार को भी टीम ने जाकर लोगों से कहा था कि वे खुद अपना सामान हटा लें और जमीन खाली कर दें।


