सतना जिले के मझगवां थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दलेला मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतक की पहचान शिवगोपाल उर्फ पाली पुत्र रामबचाई डोहर (37 वर्ष) निवासी पोंड़ी, थाना कोठी के रूप में हुई है। रविवार रात शिवगोपाल अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। दलेला मोड़ पर पहुंचते ही उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और बीच सड़क पर खड़े ट्रक क्रमांक यूपी 70 एफटी 7398 से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शी राहगीरों के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट के कारण शिवगोपाल को कुछ दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे में शिवगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें मझगवां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मरचुरी में रखवा दिया है और ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


