कोर्ट में पदस्थ APO के घर लाखों की चोरी:न दरवाजा टूटा-न समान फैला, टीचर-पड़ोसी सहित तीन संदेह के घेरे में

न घर का ताला टूटा, न सामान अस्त-व्यस्त हुआ…फिर भी अलमारी में रखे लाखों रुपए के जेवरात और नगदी गायब हो गई। यह घटना हुई है सहायक लोक अभियोजन अधिकारी अमित गुप्ता के साथ। जिला कोर्ट में पदस्थ अभियोजन अधिकारी ने अजीबोगरीब ढंग से हुई चोरी की एफआईआर आधारताल थाने में दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अमित गुप्ता ने कुछ संदिग्धों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। ग्वालियर के रहने वाले सहायक लोक अभियोजन अधिकारी अगस्त 2025 से धनी की कुटिया के पास गोकुलधाम सोसाइटी में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। विवाह से लौटे-जेवरात रखे अलमारी में
अमित गुप्ता अपने दोस्त की शादी में 29 नंवबर को झांसी उत्तरप्रदेश गए थे। 2 दिसंबर को वापस लौटकर जबलपुर आए। 3 दिसंबर को सोने-चांदी के जेवरात अलमारी में रख दिए, और रोजमर्रा के काम में लग गए। अमित ने 13 दिसंबर को पत्नी से कहा कि अलमारी में रखे रुपए में से 2 हजार लाकर दो। जैसे ही उन्होंने अलमारी खोली तो लाॅकर में चाबी लगी हुई थी। लाॅकर खोलकर देखा तो उसमें रखे करीब 18 हजार रुपए गायब थे।
जेवरात के बाॅक्स देखे तो वो रखे हुए थे, संदेह होने पर जब खोलकर देखा तो जितने भी जेवरात थे, सभी नदारद थे। काफी देर तक ढूंढा पर कुछ नहीं मिला,जिसके बाद अमित ने आधारताल थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। घर में तीन लोगों का आना-जाना
अमित गुप्ता ने बताया कि जुलाई 2025 को जिला कोर्ट में सहायक लोक अभियोजन अधिकारी के पद पर ज्वाइंनिंग हुई थी। अगस्त माह में आधारताल में किराए का मकान लिया। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। 13 दिसंबर की दोपहर को जब अलमारी खोली तो सारे जेवरात गायब थे।
अमित ने बताया कि उनके घर पर काम करने के लिए सुबह 11 बजे मेड आती है। इसके अलावा पड़ोस में रहने वाली एक महिला उनकी 6 माह की बच्ची को खिलाने के लिए अक्सर घर आया करती थी, उनके साथ-साथ शाम को 7 वर्षीय बेटे को पढ़ाने के लिए टीचर आती है। इन तीनों के अलावा और किसी का आना-जाना नहीं है। सूनेपन का चोरों ने उठाया फायदा
सहायक लोक अभियोजन अधिकारी का कहना है कि रोजाना वह 11 बजे आफिस चले जाया करते हैं। घर पर पत्नी और बच्चे बस रहते है। काम वाली मेड भी कुछ माह से आ रही है। जिस जगह पर अलमारी रखी हुई है, वहां पर बाहरी व्यक्ति कोई नहीं जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों पहले जब दोपहर को उनकी पत्नी सो गई थी, हो सकता है उसी का फायदा उठाते हुए चोर अलमारी तक पहुंचा और खोलकर जेवरात एवं नगदी लेकर रफू चक्कर हो गया। अमित का कहना है कि जिसने भी चोरी कि है, वह अच्छे से जानता है कि अलमारी के बगल में ही चाबी रखी रहती है। ये समान गया चोरी
अमित गुप्ता ने बताया कि सोने के करीब 20 तोला और चांदी के एक किलो के जेवरात थे, जो चोरी गए हैं। एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की चार अंगूठी, एक सोने की बेंदी, सोने की चार चूड़ियां, दो सोने के कंगन, सोने की कान की झुमकी सहित 18000 रुपए नगद चोरी गए हैं।
आधारताल थाना प्रवीण कुमरे का कहना है- सहायक लोक अभियोजन अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर तलाश शुरू कर दी है। कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। चोरों को पकड़ने के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की भी मदद ली जा रही है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि घर में कुछ लोगों का आना-जाना था, उनके घरों में भी सर्चिंग करवाई जा रही है। जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *