हनुमानगढ़ में कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पूरे कलेक्ट्रेट को खाली करवाया गया है। बम स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है। पूरे परिसर की तलाशी ली जा रही है।
ईमेल के जरिए यह धमकी मिली। कलेक्ट्रेट के पास ही स्थित जिला न्यायालय परिसर को भी एहतियातन खाली कराया गया है। कलेक्ट्रेट के सभी गेटों पर पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां भी कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गई हैं। किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा
दरअसल सुबह करीब 10.30 बजे कार्यालयों में काम कर रहे कर्मचारियों को मुख्य बिल्डिंग से बाहर निकलने के लिए कहा गया। इसके बाद कर्मचारी कलेक्ट्रेट के भीतर खुली जगह पर इकट्ठा हुए और कुछ समय बाद पूरा परिसर खाली करा लिया गया।
दोनों इमारतों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी, वकील और अन्य लोग बिल्डिंग से बाहर दुकानों के पास खड़े हैं। किसी भी व्यक्ति को कलेक्ट्रेट के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। ईमेल आईडी पर मिली धमकी
एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि प्रशासन की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरी मेल मिलने के बाद परिसर को खाली करवाया गया है। प्रशासन हर तरह की सावधानी बरत रहा है। जानकारी के अनुसार, बम स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया है और प्रशासन को मिली ईमेल की भी जांच की जा रही है।


