संजीवनी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रवींद्र नाट्यगृह में आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने नृत्य नाटिका एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति की देखभाल, स्वच्छता, भारत की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और उसे सुरक्षित रखने का संदेश दिया। इसे देख उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि मुग्ध हो गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक महेंद्र हार्डिया एवं विशिष्ट अतिथि पार्षद राजीव जैन, सांसद प्रतिनिधि रितेश पाटनी, मीना अग्रवाल एवं राजश्री पाटनी थे। इस अवसर विधायक हार्डिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को शिक्षा एवं संस्कृति के माध्यम से देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। प्रारंभ में स्कूल की प्राचार्य स्मिता जैन ने स्वागत संबोधन दिया एवं अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा अंजलि वरोद, जानवी कुमावत, वंशिका शर्मा एवं हर्षित सिसोदिया ने किया। शिक्षिका कीर्ति खरचे एवं प्रिया शेखावत ने आभार माना।


