भास्कर न्यूज | राजनांदगांव महापौर एवं प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष हेमा सुदेश देशमुख ने कहा है िक प्रदेश में नगरीय निकाय के कर्मचारी वेतन एवं अपनी अन्य मांगों को लेकर विगत तीन-चार दिनों से हड़ताल पर हैं। जिसके कारण शहर की व्यवस्था चौपट हो गई है और नागरिकों को दी जाने वाली मूलभूत सुविधा पेयजल सप्लाई बाधित हो गई है। वहीं शहर में सफाई व्यवस्था भी ठप है। दूसरी ओर सरकार जश्न मना रही है। अपनी प्रतिक्रिया में महापौर ने कहा कि सरकार अपने एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए झूठी वाहवाही ले रही है। जबकि धरातल में कुछ और ही स्थिति है। जब से सरकार बैठी है प्रदेश में अराजकता का माहौल निर्मित हो गया है। अधिकारी-कर्मचारी अपनी मांगों के लिए हड़ताल पर हड़ताल किए जा रहे हैं। किन्तु यह सरकार इन्हें नजर अंदाज कर रही है। प्रदेश का नगरीय निकाय विभाग सबसे महत्वपूर्ण विभाग होता है। निकाय के कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े हैं। इसके लिए वे हड़ताल कर रहे हैं। जबसे सरकार बैठी है तब से निकाय के कर्मचारी तीसरी बार हड़ताल कर रहे हैं। इसी प्रकार अन्य विभाग के कर्मचारी भी हड़ताल में लगे हुए हैं, जबकि अधिकारी और कर्मचारी ही सरकार के प्रमुख अंग होते हैं। ये इस सरकार की एक साल की उपलब्धि है।