गुमला में अज्ञात शव की शिनाख्त:डीएवी स्कूल के पास मिला शव, फोन आने पर 2 दिन पहले रात में निकला था घर से

गुमला सदर थाना क्षेत्र के लोहरदगा रोड स्थित डीएवी स्कूल के पीछे रविवार शाम मिले शव की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान भल्दम चट्टी निवासी 27 वर्षीय प्रगन उरांव के रूप में हुई है। उसके बड़े भाई मनोज उरांव ने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि प्रगन उरांव शनिवार को अपने दोस्तों के साथ लाहटोंगरी मेला देखने टोटो गया था। मेला देखकर वह शाम को घर लौटा और खाना खाने के बाद रात करीब 8 बजे एक फोन आने पर घर से अकेला निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। मृतक के परिजनों ने जमीन विवाद को हत्या का कारण बताया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रगन उरांव एक कृषक था और अपने छह भाई-बहनों में बीच का था। एसआई बिनय कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह गोली मारकर हत्या का मामला प्रतीत होता है। सोमवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और मामले की छानबीन में जुट गई है। डॉक्टर असीम मिंज ने पुष्टि की है कि गोली सीने को भेदते हुए पार हो गई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *