जयपुर के इस्कॉन मंदिर में रविवार को राजस्थान का सबसे बड़ा गर्ल्स यूथ फेस्ट ‘जागृति 3.0’ भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस्कॉन जयपुर के अध्यक्ष पंचरत्न दास के सान्निध्य में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रदेशभर से 2000 से अधिक युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय चुन्नीलाल गरासिया, सांसद (राज्यसभा), उदयपुर ग्रामीण रहे। आयोजन की गरिमा को इस्कॉन स्टीयरिंग कमेटी के चेयरमैन एवं समाजसेवी ज्योति कुमार महेश्वरी, इस्कॉन जयपुर स्टीयरिंग कमेटी के वाइस-चेयरमैन आई.सी. अग्रवाल और इस्कॉन जयपुर के संरक्षक ओम प्रकाश मोदी की उपस्थिति ने और भी बढ़ाया। आध्यात्मिक रैम्प वॉक की गई ‘जागृति 3.0’ में युवतियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कई विशेष प्रस्तुतियां एवं सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण राजस्थान की पहली आध्यात्मिक रैम्प वॉक रही। इसके साथ ही चारों युग-सत्य, त्रेता, द्वापर और कलियुग—का सजीव दृश्यांकन प्रस्तुत करने वाला विशेष नृत्य अजमेर की ‘निमाई परफॉर्मिंग आर्ट्स’ ग्रुप द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस्कॉन गर्ल्स फोरम की युवतियों द्वारा प्रस्तुत ‘द्रौपदी: एम्पावर्ड बाई भक्ति’ लघु नृत्य नाटिका ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। ये लोग शामिल हुए कार्यक्रम में आयोजित प्रेरणादायी समूह परिचर्चा में प्रदेश की कई सफल महिलाओं ने युवतियों का मार्गदर्शन किया। इनमें पूजा पोद्दार, शिल्पा मोदी, समाजसेवी एवं सेंट जूड्स कविता कैंसर केयर सेंटर जयपुर की अध्यक्ष सुजाता कानोडिया और महिला एवं बाल विकास समिति की पूर्व अध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी शर्मा शामिल रहीं। इस्कॉन गर्ल्स फोरम की प्रभारी राधा सुन्दरी देवी दासी ने भी युवतियों को आत्मविश्वास एवं संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीके बताए महिला सुरक्षा को लेकर राजस्थान पुलिस की निर्भया स्क्वॉड ने आत्मरक्षा के तरीकों का प्रदर्शन किया। वहीं, राजस्थान सरकार के सफल दो साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों की जानकारी दी और सभी को नियमों की पालना की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर इस्कॉन जयपुर उत्सव समिति के चेयरमैन आर.के. शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं प्रशासनिक अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। युवाओं के बीच लोकप्रिय आरजे कार्तिक की उपस्थिति और संवाद भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार एवं दोपहर के भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। उल्लेखनीय है कि इस्कॉन जयपुर पिछले कई वर्षों से युवतियों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था द्वारा महिला सुरक्षा सेमिनार, कैरेक्टर बिल्डिंग वर्कशॉप, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र एवं वैल्यू-बेस्ड एजुकेशन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहे हैं। ‘जागृति 3.0’ इसी श्रृंखला का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन रहा, जिसका उद्देश्य युवतियों को सुरक्षित, आत्मविश्वासी और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना है।


