ग्वालियर पुलिस ने शहर में सक्रिय दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी चोरी का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू माहौर उर्फ “बंदर” और मनीष उर्फ “किलविश” के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के बाद तीन दिन पहले विनय नगर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है। दरअसल, विनय नगर सेक्टर-4 निवासी प्रशांत पांडेय परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए इटावा, उत्तर प्रदेश गए हुए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने ताला तोड़ दिया और घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद बहोड़ापुर थाने में मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती फुटेज भले ही धुंधली थीं, लेकिन संदिग्धों की आवाजाही का रूट तैयार करने पर अन्य कैमरों से साफ फुटेज मिल गई। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। थाने में पूछताछ के दौरान पहले दोनों आरोपियों ने चोरी से इनकार किया, लेकिन जब पुलिस ने CCTV फुटेज सामने रखे तो उन्होंने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि विनय नगर चोरी कांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया गया है। दोनों आरोपियों से अब शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़ी कई और वारदातों का भी जल्द खुलासा होगा।


