धौलपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोने का गुर्जा थाना पुलिस ने उसे बाड़ी के मलकपाड़ा में दबोचा। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में फरार चल रहा था।
आरोपी रवि उर्फ भूत के खिलाफ बाड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार 7 मार्च को तत्कालीन थानाधिकारी बाड़ी अमित कुमार ने अलीगढ़ कंचनपुर निवासी सूरज लोधा से 1 किलो 920 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया था। पूछताछ के दौरान सूरज ने बताया था कि यह मादक पदार्थ उसे मलकपाड़ा बाड़ी निवासी रवि उर्फ भूत पुत्र विजय से मिला था। इस खुलासे के बाद से पुलिस रवि उर्फ भूत की तलाश कर रही थी, लेकिन वह फरार चल रहा था। कॉन्स्टेबल विनोद कुमार से मिली गुप्त सूचना के आधार पर उसे मलकपाड़ा बाड़ी से पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में रवि ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।


