खिलचीपुर अंजुमन अहले इस्लाम कमेटी चुनाव:इरफान खान निर्वाचित, रविवार को मतदान के बाद रात में परिणाम घोषित

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में अंजुमन अहले इस्लाम कमेटी के सदर पद के लिए रविवार को शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ। झालावाड़ रोड स्थित सामुदायिक भवन में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर के प्रत्येक परिवार से एक-एक सदस्य ने मतदान किया और कुल 608 वोट डाले गए। मतदान के बाद रविवार रात को मतगणना हुई। रात करीब 9 बजे शहर चुनाव कमेटी ने परिणाम की आधिकारिक घोषणा की। इसमें इरफान खान को 521 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंदी जुल्फिकार अली खान को 101 वोट मिले। दो मत ब्लैंक पाए गए, जिन्हें निरस्त कर दिया गया। परिणाम घोषित होते ही इरफान खान को विजयी घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा गया। सदर का कार्यकाल तीन वर्षों का रहेगा। नवनिर्वाचित सदर इरफान खान का स्थानीय राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में पहले से अनुभव रहा है। वे नगर के वार्ड नंबर 8 से पूर्व पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी सोमवारिया वार्ड नंबर 2 से पार्षद हैं, जिससे परिवार की नगर परिषद में भी सक्रिय भूमिका बनी हुई है। जीत की घोषणा के बाद समाज में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने इरफान खान को बधाइयाँ दीं। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में अंजुमन अहले इस्लाम कमेटी शिक्षा, सामाजिक एकता, धार्मिक व्यवस्थाओं और समाजहित से जुड़े कार्यों को नई दिशा और गति देगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *