गुना जिले के उमरी इलाके में मछली पकड़ने गया एक युवक तलब में डूब गया। वह गहराई में जाकर मछली पकड़ रहा था और अचानक डूब गया। सोमवार को SDERF की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार उमरी इलाके के महोदरा गांव में स्टेट टाइम का तालाब है। गांव का ही एक युवक पन्नालाल भील(40) पुत्र सुरजी भील सोमवार सुबह मछली पकड़ने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और अचानक डूब गया। जब परिवार वाले और ग्रामीण उसे खोजते हुए वहां पहुंचते, तो वह तालाब पर नहीं दिखा। कुछ ग्रामीणों ने भी उसे तालाब में खोजने की कोशिश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची उमरी पुलिस ने SDERF को बुलवाया। गुना से पहुंची SDERF की टीम ने युवक को तलाश शुरू की। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने उसे खोज निकाला। हालांकि, उसकी सांसें थम चुकी थीं। उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।


