भिंड जिले की ऊमरी थाना पुलिस को कुछ महीने पहले हुई लूट की वारदात में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे अंतिम चौथे आरोपी कुणाल (19) को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस लूट कांड के तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे, जिनमें से एक को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया था। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरा मामला सुलझ गया और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। घर आते समय रास्ते में लूट की वारदात को दिया अंजाम
15 अक्टूबर 2025 को फरियादी नरेन्द्र दोहरे निवासी वार्ड क्रमांक 13, अकोड़ा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह शाम करीब 8 बजे ग्राम सिहुड़ा से अकोड़ा की ओर जा रहे थे, तभी चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनसे 5 हजार रुपये नकद, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP30 ZE 7976) और एक कीपैड मोबाइल फोन लूट लिया। 17 अक्टूबर को दो आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले में थाना ऊमरी में अपराध क्रमांक 209/25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने 17 अक्टूबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली थी। तीसरे आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ लिया गया था, जबकि चौथा आरोपी लगातार फरार था। फरार आरोपी कुणाल पुत्र मुकेश गोयल, ग्राम अकनीवा, थाना नदीगांव, जिला जालौन का पुलिस ने दबिश देकर पता लगाया और गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह, उप निरीक्षक ध्यानेन्द्र सिंह और आरक्षक शैलेन्द्र राजावत एवं सनी यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


