अशोकनगर के मुंगावली के मल्हारगढ़ रोड स्थित एक घर में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोरी के समय घर पर कोई नहीं था। चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखें लॉकर में से लाखों के जेवर और नगद चोरी कर ली। जानकारी के मुताबिक चोरी की वारदात मनोज जैन के घर में हुई है। उनके घर से चोरों ने 25 तोला सोना, 1 किलो चांदी और 5 लाख रुपए चोरी कर लिए। जिनमें से ₹1 लाख के करीब गुल्लक में रखे हुए थे। मनोज के छोटे भाई मोंटू जैन ने बताया कि मेरी घर से कुछ दूर किराना की दुकान है, मैं उसी दुकान पर बैठा हुआ था। एक भाई प्रवीण जैन अतिथि शिक्षक है जो स्कूल में पढ़ाने गए थे। घर पर मां अकेली थी। चोरी के समय घर में कोई नहीं था इस बीच मां मुंगावली में ही मामा के घर चली गई। शाम के समय जब वह वापस लौटी तो घर के बाहर लगा ताला खोला अंदर पहुंची तो कमरे का ताला टूटा हुआ पड़ा था। वहां रखा लाॅकर खुला था। जिससे सोना चांदी और नगद रुपए गायब था। चोरी की वारदात जब मां बाहर थी इन दो-तीन घंटे के बीच में ही हुई है। पुलिस जांच में जुटी घटना की जानकारी लगने के बाद एसडीओपी सनम बी खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। उन्होंने मौका मुआयना किया। इसी के साथ डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।


