जिले के मक्सी में बीते साल हुए सांप्रदायिक विवाद के मामले में केस दर्ज करने के बाद पूरा केस अब सीआइडी देख रही है। करीब 3 महीने बाद सीआइडी ने तीन दिन में कुल 6 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, मक्सी में 25 सितंबर 2024 को हुई सांप्रदायिक घटना के बाद चार प्रकरण दर्ज किए गए थे। इस मामले की जांच शाजापुर पुलिस से लेकर सीआइडी को दे दी गई थी। वहीं मामले के करीब 3 माह बाद अब सीआइडी ने तीन दिन में 6 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है। इन्हें भेजा गया जेल इस मामले में 8 जनवरी बुधवार को सीआइडी ने गौतम पिता प्रमोद जैन, कुलदीप पिता सुभाष बिलवालिया, सत्यनारायण उर्फ सचिन पिता अनोखीलाल प्रजापति, आशीष पिता सुरेंद्र पटेल और संदीप पिता वीरेंद्र पटेल को शाजापुर न्यायालय में पेश किया गया। यहां से सभी 5 को जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार इसके दो दिन पहले सीइआइडी ने अर्जुन पिता मनोहरलाल पटेल को भी न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक आरोपी समीर की पूर्व में ही गिरफ्तारी हो चुकी है। सीआइडी अब अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।


