इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पहले इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से लोग दूसरी एयरलाइंस का रुख कर रहे थे, लेकिन अब एयर इंडिया ने भी यात्रियों को झटका दे दिया। सोमवार सुबह दिल्ली–इंदौर–दिल्ली रूट की एयर इंडिया फ्लाइट को कई बार समय बदलने के बाद आखिरकार रद्द कर दिया गया। इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर विरोध भी जताया। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया की यह फ्लाइट सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली से इंदौर आती है और 8 बजे वापस दिल्ली जाती है। आज सुबह यात्रियों को पहले मैसेज मिला कि फ्लाइट 9 बजे जाएगी। इसके बाद 10 बजे और फिर 11 बजे का समय बताया गया। करीब 9 बजे अचानक मैसेज आया कि फ्लाइट रद्द कर दी गई है। ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि वे खुद इसी फ्लाइट से दिल्ली जाने वाले थे। उन्होंने कहा कि फ्लाइट रद्द होने की कोई ठोस वजह नहीं बताई गई। जांच करने पर यह भी सामने आया कि दिल्ली में विमान उपलब्ध था। संभव है कि सुबह कोहरे के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हों, लेकिन इस फ्लाइट को रद्द करने की वजह साफ नहीं हो पाई। फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों में नाराजगी देखी गई। हालांकि, एयर इंडिया ने सभी यात्रियों को रिफंड और री बुकिंग का विकल्प देने की बात कही है। आज इंडिगो की सिर्फ दो उड़ानें निरस्त उधर, इंडिगो की उड़ानों को लेकर राहत की खबर है। 1 दिसंबर से जारी उड़ान रद्द होने का सिलसिला अब थमता नजर आ रहा है। सोमवार को इंडिगो की सिर्फ दो उड़ानें रद्द हुईं। इनमें दिल्ली–इंदौर–दिल्ली की सुबह की एक फ्लाइट शामिल है। बाकी उड़ानों का संचालन सामान्य बताया गया है। उम्मीद की जा रही है कि अगले एक-दो दिनों में हालात पूरी तरह सामान्य हो जाएंगे।


