डूंगरपुर नगर परिषद में शहरी समस्या समाधान शिविर कल से:16 दिसंबर से शहरी समस्याओं का रियायती दर पर होगा समाधान

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में डूंगरपुर नगर परिषद परिसर में शहरी समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 16 से 24 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य निकाय से जुड़े विभिन्न कार्यों का रियायती दरों पर समाधान करना है। सभापति अमृत कलासुआ और आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि वार्ड संख्या 1 से 40 तक के सभी निवासियों के लिए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, धारा 69ए के तहत आवेदन, भू-रूपांतरण, पट्टा निर्माण, मकान व वाणिज्यिक निर्माण अनुमति, फायर सेफ्टी एनओसी, शहरी आजीविका से जुड़े ऋण और प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन सहित सभी प्रकार के कार्य रियायती दरों पर किए जाएंगे। पात्र व्यक्तियों को अपने आवश्यक दस्तावेज के साथ घर बैठे या ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से एसएसओ आईडी से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन नगर परिषद की आईडी पर प्राप्त होने के बाद, एक टीम मौके पर जाकर ऑनलाइन रिपोर्टिंग करेगी। इसके बाद सीधे प्रार्थी के पास डिमांड नोटिस भेजा जाएगा। नगर परिषद के बैंक खाते में ऑनलाइन भुगतान करने के बाद आवेदक का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि पूर्व में आयोजित ऐसे शिविरों से सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए थे। इस शिविर में सड़क निर्माण, नाली सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। शिकायतें सादे कागज पर लिखकर लाई जा सकती हैं। शिविर में डिस्कॉम, चिकित्सा, राजस्व, पुलिस, आईसीडीएस और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे शहरवासियों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *