देवस्थान विभाग के आदेश के बावजूद आज विश्वविख्यात खाटूश्याम मंदिर की श्री श्याम मंदिर कमेटी के चुनाव हुए। चुनाव में शक्ति सिंह चौहान नए अध्यक्ष बने हैं। वहीं मौजूदा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मानवेंद्र चौहान और मोहन सिंह ने अपनी मर्जी से यह चुनाव करवाया है।
दरअसल, 10 दिसंबर को मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष कालू सिंह चौहान, सदस्य गोपाल सिंह चौहान और सदस्य इंदर सिंह ने देवस्थान विभाग को एक लेटर लिखा था। लेटर में लिखा था कि 9 नवंबर को कमेटी की बैठक में मंदिर कमेटी के चुनाव 4 मार्च 2026 को करवाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है। बैठक में 7 में से 6 सदस्य उपस्थित थे। मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान भी उपस्थित थे। इसके बाद खाटूश्यामजी मंदिर कमेटी की तरफ से 9 दिसंबर को एक और बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोरम नहीं था क्योंकि कमेटी के 7 में से 4 सदस्य अनुपस्थित थे। कमेटी के विधान में स्पष्ट निर्देश है कि कोरम चार सदस्यों का होगा। इसके बावजूद भी मीटिंग में प्रस्ताव पारित किया गया कि 15 दिसंबर को चुनाव होंगे। कमेटी सदस्य को बना दिया चुनाव अधिकारी
लेटर में बताया गया कि मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान कमेटी पर एकाधिकार करने के उद्देश्य से कमेटी विरोधी गतिविधियां कर रहा है। चुनाव करवाने का जो नोटिस जारी किया गया उसमें चुनाव अधिकारी मोहन सिंह (दास) को बनाया गया, जो कि सदस्य है और मतदाता भी है।
विधि का यह सिद्धांत है कि चुनाव अधिकारी निष्पक्ष होना चाहिए लेकिन चुनाव अधिकारी मोहन सिंह चौहान और मानवेंद्र सिंह चौहान ने आपस में मिलकर चुनाव 15 दिसंबर करवाने का नोटिस प्रकाशित किया। देवस्थान विभाग को लेटर लिखने वाले चारों पदाधिकारियों ने 9 दिसंबर को हुई मीटिंग को शून्य माना क्योंकि उस मीटिंग में चारों लोगों से ही कोई चर्चा नहीं की गई। न ही मीटिंग का कोई कारण था। इसके बाद आज मंदिर कमेटी के चुनाव हुए। चुनाव परिणाम आने के पहले देवस्थान विभाग आदेश जारी करता है कि श्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और सदस्यों ने चुनाव के संबंध में लेटर लिखा था। जिसमें उन्होंने मानवेंद्र सिंह चौहान और चुनाव अधिकारी मोहन सिंह चौहान की ओर से बिना कोरमा बैठक आयोजित करवाने, चुनाव अधिकारी से मिलीभगत करके चुनाव करवाए जाने के उल्लेख किया। ऐसे में मंदिर कमेटी को आदेश दिया कि प्रावधानों के तहत कार्रवाई हो और मेले के बाद समय पर चुनाव हो। इसके बाद मंदिर कमेटी ने चुनाव का परिणाम जारी किया, जिसमें अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान बने। इसमें उन्हें 7 में से 4 वोट मिले। मंत्री पद पर मानवेंद्र सिंह चौहान और कोषाध्यक्ष पद पर रवि सिंह चौहान निर्वाचित हुए। दोनों को ही 7 में से 4 मत मिले।


