सिरोही पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। नाकाबंदी के दौरान एक फॉरच्यूनर कार से 2 क्विंटल 62 किलो 14 ग्राम डोडा पोस्त और एक देसी पिस्तौल जब्त की गई है। हालांकि, तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सिरोही एसपी प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उदयपुर पुलिया पर बाद पुलिस और डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) ने नाकाबंदी की। इस दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार फॉरच्यूनर कार को रोकने का प्रयास किया गया। तस्कर ने नाकाबंदी तोड़कर नादिया गांव की तरफ भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन तस्कर नादिया सरहद पर कार छोड़कर घने जंगल और पहाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 2 क्विंटल 62 किलो 14 ग्राम डोडा पोस्त और एक देसी पिस्तौल मिली। पुलिस ने फरार तस्कर की तलाश में अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। जब्त किए गए डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत लगभग 39 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में पिंडवाड़ा थाना अधिकारी महेंद्र कुमार सीरवी और डीएसटी प्रभारी कमल सिंह सहित पुलिस दल शामिल रहा।


