आगर मालवा में 551 जोड़ों के सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान एक युवक को दिल का दौरा पड़ने पर होमगार्ड जवान महेश प्रजापति ने सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। यह घटना रविवार को सोयतकला थाना क्षेत्र में हुई, जिसका वीडियो सोमवार को सामने आया। नरवल निवासी अक्षय शर्मा विवाह सम्मेलन में शामिल होने आए थे। मंच के पास अचानक उन्हें घबराहट हुई और वे अचेत होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनकी हालत तेजी से बिगड़ रही थी और उनमें दिल के दौरे के लक्षण दिखाई दे रहे थे। होमगार्ड जवान ने सीपीआर दिया मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान महेश प्रजापति ने तुरंत स्थिति को संभाला। उन्होंने बिना देर किए अक्षय शर्मा को सीपीआर देना शुरू किया। कुछ ही पलों में उनकी तत्परता से अक्षय की सांसें वापस आने लगीं। महेश प्रजापति ने बताया कि उन्हें डॉक्टर्स, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के दिल के दौरे जैसी आपात स्थितियों में सीपीआर देने का प्रशिक्षण दिया गया है। उसमें सिखाया गया था कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक से तुरंत सीपीआर देना जरूरी होता है। सीपीआर के बाद अक्षय शर्मा को तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई। डॉक्टर्स ने भी इस बात की पुष्टि की कि यदि कुछ मिनट की भी देरी होती, तो परिणाम गंभीर हो सकते थे। इस साहसिक कार्य के लिए आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों, अक्षय के परिजन और प्रशासनिक अधिकारियों ने होमगार्ड जवान महेश प्रजापति की सराहना की। यह घटना सही प्रशिक्षण और समय पर लिए गए निर्णय के महत्व को दर्शाती है।


