अतिक्रमण प्रभावित परिवारों से मिलीं बालाघाट नपाध्यक्ष:पीएम आवास का प्रस्ताव दिया, 40 परिवारों ने भरे आवेदन; 20 ने मांगा समय

बालाघाट में आकाशवाणी के पास सड़क मद की भूमि पर पिछले तीन दशक से अधिक समय से रह रहे गरीब परिवारों को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मानते हुए बेदखली के नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों के बाद प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। इसी को देखते हुए सोमवार शाम नगरपालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, उपाध्यक्ष और प्रधानमंत्री आवास योजना की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। पीएम आवास में बसाने का प्रस्ताव मुलाकात के दौरान नपाध्यक्ष ने परिवारों को ढीमर टोला स्थित एएचपी साइट प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में बने सुसज्जित मकानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार अतिक्रमण हटाना जरूरी है, लेकिन किसी भी परिवार को बेघर नहीं होने दिया जाएगा। प्रभावित परिवारों को पीएम आवास योजना के तहत फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। 40 परिवारों ने भरे आवेदन समझाइश और चर्चा के बाद करीब 40 परिवारों ने मौके पर ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन भर दिए। नपाध्यक्ष भारती ठाकुर ने स्वयं कुछ आवेदन भरकर परिवारों की मदद की और योजना की पूरी प्रक्रिया समझाई। 20 परिवारों ने मांगा समय लगभग 20 परिवारों ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि वे पीएम आवास के लिए पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये तुरंत जमा नहीं कर पा रहे हैं। इन परिवारों ने राशि जमा करने के लिए कुछ समय मांगा है। 468 सुसज्जित आवास उपलब्ध नपाध्यक्ष ने बताया कि पीएम आवास शहरी योजना के तहत कुल 468 सुसज्जित आवास बनाए गए हैं। वर्तमान में पर्याप्त फ्लैट उपलब्ध हैं, जिससे सभी प्रभावित परिवारों को एक साथ बसाया जा सकता है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चार दिन का लगेगा सहायता शिविर परिवारों की मदद के लिए इसी स्थान पर चार दिनों तक विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में पीएम आवास से जुड़ी कागजी कार्रवाई, दस्तावेज तैयार करने और बैंक लोन से संबंधित प्रकरण भेजने का काम किया जाएगा। नपाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि शेष परिवार भी जल्द ही इस योजना से जुड़कर अपने भविष्य को सुरक्षित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *